ओडिशा के सिमिलिपाल में काले बाघ की खाल बरामद, तीन गिरफ्तार

ओडिशा के सिमिलिपाल में काले बाघ की खाल बरामद, तीन गिरफ्तार

ओडिशा के सिमिलिपाल में काले बाघ की खाल बरामद, तीन गिरफ्तार
Modified Date: May 21, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: May 21, 2026 10:29 pm IST

बारिपदा (ओडिशा), 21 मई (भाषा) ओडिशा के सिमिलिपाल बाघ अभयारण्य(एसटीआर) के वन अधिकारियों ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक दुर्लभ काले बाघ की खाल जब्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिमिलिपाल में काले बाघों के शिकार का यह तीसरा मामला है। सिमिलिपाल दुनिया का एकमात्र ऐसा स्थान है जहां इस तरह के बाघ पाए जाते हैं।

एसटीआर के उपनिदेशक सुमित कर ने बताया कि बुधवार को छापेमारी के दौरान जब्त की गई खाल दो साल के बाघ के शावक की होने का संदेह है।

उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर बासीपीठा-भूपत मार्ग पर छापा मारा गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को वन्यजीवों के अंगों के सौदे की बातचीत के दौरान पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गंगाधर मुर्मू (62), रामदास हेमब्रम (40) और भीमा बास्के (40) के रूप में हुई है, जो मयूरभंज जिले के निवासी हैं। उनके पास से तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

उपनिदेशक ने बताया कि शिकार नेटवर्क का पता लगाने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में