पश्चिम बंगाल में नदिया जिले में ग्रामीण के हमले में बीएलओ घायल

पश्चिम बंगाल में नदिया जिले में ग्रामीण के हमले में बीएलओ घायल

पश्चिम बंगाल में नदिया जिले में ग्रामीण के हमले में बीएलओ घायल
Modified Date: February 16, 2026 / 12:24 pm IST
Published Date: February 16, 2026 12:24 pm IST

कोलकाता, 16 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने से बूथ स्तर का एक अधिकारी (बीएलओ) गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बीएलओ अली साहेब पर उस समय हमला हुआ जब वह रविवार को कालीगंज इलाके के एक गांव में मतदाता सूची में ‘तार्किक विसंगतियों’ के मामलों के सत्यापन के लिए गए थे।

अधिकारी ने बताया कि साहेब ने जब एक निवासी अलीफा बीबी को सूचित किया कि उनके परिवार द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों के सुधार के लिए उन्हें एक विशेष सुनवाई में शामिल होना होगा, तब उन पर हमला किया गया। इस दौरान महिला अपने पति अयातुल्ला शेख के साथ थी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्राप्त शिकायत के अनुसार, बीएलओ पर कथित रूप से उस समय हमला किया गया जब उन्होंने अलीफा बीबी को बताया कि उनकी बेटी और शेख के बीच उम्र के अंतर में पाई गई विसंगति के संबंध में सुनवाई आवश्यक होगी।’

बीएलओ ने इस समस्या को व्यक्तिगत रूप से सुलझाने में असमर्थता जताई और कहा कि इसका एकमात्र तरीका निर्वाचन आयोग (ईसी) का हस्तक्षेप है। इसके बाद शेख ने अचानक बीएलओ के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा।

उन्होंने बताया कि घायल बीएलओ को उपचार के लिए ले जाया गया। शेख ने हमले के आरोपों को खारिज दिया है और बीएलओ के खिलाफ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस घटना के दोनों पक्षों की जांच कर रही है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में