दिल्ली के चार स्कूलों को दी गई बम की धमकी जांच के बाद फर्जी निकली
दिल्ली के चार स्कूलों को दी गई बम की धमकी जांच के बाद फर्जी निकली
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में आर्मी पब्लिक स्कूल की तीन शाखाओं और एक सीआरपीएफ स्कूल को सोमवार को ईमेल के जरिए बम की धमकियां मिलीं, जिससे दहशत फैल गई, लेकिन जांच में यह धमकियां फर्जी पाई गईं। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं और स्थानीय पुलिस तथा स्कूल अधिकारियों के साथ मिलकर तलाशी और निकासी अभियान चलाया गया।
अधिकारी ने कहा,’टीमों ने परिसर की गहन जांच की, लेकिन किसी भी स्थान पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। सभी धमकियों को फर्जी घोषित कर दिया गया है।’
जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है उनमें दिल्ली छावनी, धौला कुआं और शंकर विहार स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और द्वारका सेक्टर 14 स्थित सीआरपीएफ स्कूल शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा संबंधी सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन किया गया और एहतियात के तौर पर तलाशी के दौरान छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


