राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए मंथन जारी, इस सप्ताह विजेताओं की घोषणा के आसार नहीं: सरकारी सूत्र
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए मंथन जारी, इस सप्ताह विजेताओं की घोषणा के आसार नहीं: सरकारी सूत्र
नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) सरकारी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा में एक सप्ताह से अधिक की देरी हो सकती है, क्योंकि निर्णायक मंडल अब भी विजेताओं के नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
यह बयान मीडिया में जारी इन अटकलों के बीच आया है कि सरकार अगले सप्ताह विजेताओं के नामों की घोषणा कर सकती है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, निर्णायक मंडल अब भी चर्चा कर रहा है और उसके कुछ सदस्यों की पहले से तय जिम्मेदारियां हैं, जिसके कारण इस प्रक्रिया में और समय लगने की उम्मीद है।
सूत्रों ने कहा, “सरकारी सूत्रों के अनुसार, निर्णायक मंडल अभी चर्चा कर रहा है। कुछ सदस्यों की पहले से तय जिम्मेदारियां हैं और इस प्रक्रिया में कुछ और समय लगने की उम्मीद है। इसलिए, घोषणा में एक सप्ताह से अधिक समय लग सकता है।”
उन्होंने कहा, “मीडिया संस्थानों से अनुरोध है कि प्रक्रिया पूरी होने तक अटकलों पर आधारित खबरों से बचें।”
भारत के सबसे बड़े फिल्म पुरस्कारों में गिने जाने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अभिनय, निर्देशन, पटकथा, संगीत, छायांकन, संपादन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वालों को सम्मानित किया जाता है।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


