पश्चिम एशिया संघर्ष पर ब्रिक्स बैठक में मतभेदों के कारण आम सहमति नहीं बन पाई : सूत्र
पश्चिम एशिया संघर्ष पर ब्रिक्स बैठक में मतभेदों के कारण आम सहमति नहीं बन पाई : सूत्र
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) ईरान पर अमेरिका-इजराइल युद्ध को लेकर ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच तीखे मतभेदों के कारण पिछले सप्ताह नयी दिल्ली में ब्रिक्स समूह की बैठक के दौरान इस संघर्ष पर आम सहमति बनाने के भारत के प्रयास विफल रहे। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
ब्रिक्स उप विदेश मंत्रियों और विशेष दूतों की बैठक के कुछ दिनों बाद सूत्रों ने कहा कि फलस्तीन मुद्दे पर भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।
पश्चिम एशिया संघर्ष पर आम सहमति न बन पाने के कारण, विचार-विमर्श के अंत में ‘अध्यक्ष का बयान’ जारी किया गया। भारत वर्तमान में ब्रिक्स का अध्यक्ष है।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया पर अधिकारियों की ब्रिक्स बैठक में कोई सर्वसम्मत दस्तावेज तैयार नहीं हो सका क्योंकि ‘संघर्ष में शामिल सदस्य देशों के बीच विचारों में तीखा मतभेद था।’
पता चला है कि संघर्ष पर संयुक्त अरब अमीरात के रुख के कारण बैठक के बाद कोई सामूहिक बयान जारी नहीं हो सका। सूत्रों के अनुसार, अन्य सभी पक्षों द्वारा मतभेदों को दूर करने के प्रयास सफल नहीं हुए।
सूत्रों ने बताया कि फलस्तीन मुद्दे पर भारत ने जनवरी में ही अरब लीग के साथ, जिसमें फ़लस्तीन भी शामिल है, सहमति वाला रुख अपनाया था। सूत्रों के अनुसार, भारत ने दो-राष्ट्र समाधान के प्रति अपना स्पष्ट समर्थन व्यक्त किया है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


