कोच्चि में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक शुरू
कोच्चि में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक शुरू
कोच्चि, छह जुलाई (भाषा) ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक सोमवार को कोच्चि में शुरू हुई। इसमें ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने दो दिवसीय बैठक की शुरुआत भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत कर की।
बैठक में ब्राज़ील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह बैठक मंगलवार को संपन्न होगी।
ब्रिक्स के महिला मामलों के मंत्रियों की बैठक आठ और नौ जुलाई को कोच्चि में आयोजित की जाएगी।
अनिल मलिक ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता के दौरान चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है जो समूह की साझा आकांक्षाओं और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों को दर्शाती हैं।
इन प्राथमिकताओं में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व के माध्यम से अधिक मजबूत ब्रिक्स का निर्माण, वित्तीय और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना, तथा जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में ये प्राथमिकताएं आपसी सहयोग और विचार-विमर्श का मजबूत आधार रही हैं और बैठक के दौरान होने वाली चर्चाओं का भी मार्गदर्शन करती रहेंगी।
अनिल मलिक ने कहा कि भौगोलिक दूरी के बावजूद महिला सशक्तिकरण के प्रति साझा प्रतिबद्धता ने ब्रिक्स सदस्य देशों को आपस में मजबूती से जोड़े रखा है।
ब्रिक्स, जो शुरू में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से मिलकर बना था, उसका विस्तार 2024 में हुआ और इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया, जबकि 2025 में इंडोनेशिया इस समूह में शामिल हुआ।
भारत इस वर्ष सितंबर में नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
ब्रिक्स की अध्यक्षता के तहत भारत देशभर में इस शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए कई बैठकों का आयोजन कर रहा है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


