अंतर-राज्यीय जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़; दिल्ली के रोहिणी में तीन गिरफ्तार

अंतर-राज्यीय जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़; दिल्ली के रोहिणी में तीन गिरफ्तार

अंतर-राज्यीय जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़; दिल्ली के रोहिणी में तीन गिरफ्तार
Modified Date: June 22, 2026 / 10:17 pm IST
Published Date: June 22, 2026 10:17 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली-एनसीआर के बीच सक्रिय एक अंतरराज्यीय जाली मुद्रा गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इसके तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन लाख रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि जाली नोटों की एक खेप की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 13-14 जून की दरमियानी रात को रोहिणी के सेक्टर 18 में मुनक नहर के पास नरेंद्र कुमार उर्फ ​​सेक्रेटरी (52), अस्तरुल (26) और रायजुल हक (36) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि नरेंद्र दिल्ली-एनसीआर में कथित तौर पर जाली मुद्रा प्राप्त करता था और आगे उसका वितरण करता था, जबकि अस्तरुल और रायजुल मालदा से नकली नोट लाने वाले ‘कूरियर’ के रूप में काम करते थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘एक टीम ने जाल बिछाया और संदिग्धों को रोका। आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन थोड़ी दूर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया।’’

कार्रवाई के दौरान, अधिकारियों ने 200 रुपये के मूल्यवर्ग वाले तीन लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में बार-बार एक ही सीरियल नंबर होने और असली सुरक्षा विशेषताओं के गायब होने का पता चला, जिससे पुष्टि हुई कि नोट नकली हैं।

जाली मुद्रा के परिवहन और उसे छिपाने के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए तीन थैले भी जब्त किए गए हैं।

बरामदगी के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई।

अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान, टीम ने पाया कि गिरोह के तार पश्चिम बंगाल के मालदा से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक जुड़े हुए थे। पुलिस ने बाद में एक अदालत से आरोपियों की हिरासत हासिल की और जाली मुद्रा के स्रोत की पहचान करने एवं नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए एक टीम को मालदा और कोलकाता भेजा है।’

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में