सीबीआई ने बैंक धोखाधड़ी मामले में आरसीएफएल, आरएचएफएल के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार किया
सीबीआई ने बैंक धोखाधड़ी मामले में आरसीएफएल, आरएचएफएल के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों से 7,623 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से संबंधित अलग-अलग मामलों में सोमवार को रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने आरसीएफएल के पूर्व निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) देवांग मोदी और आरएचएफएल के पूर्व कार्यकारी निदेशक व सीईओ रवीन्द्र सुधालकर को गिरफ्तार किया।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “ आरसीएफएल मामले में आरोपियों ने सार्वजनिक क्षेत्र के 13 बैंकों से 4,097 करोड़ रुपये, जबकि आरएचएफएल मामले में आरोपियों ने सार्वजनिक क्षेत्र के 10 बैंकों से 3,526 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।”
सीबीआई जांच से पता चला है कि अप्रैल 2017 से दिसंबर 2018 तक आरएचएफएल के सीईओ रहे मोदी कंपनी में प्रबंधन के मामलों में ‘एक प्रमुख निर्णयकर्ता’ थे।
बयान में कहा गया है, ‘उन्होंने ऐसी कंपनियों को ऋण मंजूर किए, जो बीच की कड़ी के रूप में काम कर रही थीं, जबकि उन्हें पता था कि इस तरह ऋण देना आरबीआई के नियमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लिए गए कर्ज की मंजूरी से जुड़ी शर्तों के खिलाफ है।”
सीबीआई के अनुसार, सुधालकर ने एक अक्टूबर 2016 से 31 मार्च 2022 तक आरएचएफएल के कार्यकारी निदेशक और सीईओ के रूप में कार्य किया।
बयान में कहा गया है, “वह आरएचएफएल के कामकाज का प्रबंधन करने वाले प्रमुख निर्णयकर्ताओं में से एक थे। उन्होंने भी बीच की कड़ी के रूप में काम कर रहीं कंपनियों के लिए ऋण मंजूर किए, जबकि इस तरह ऋण देना कंपनी की ऋण नीति, एनएचबी/आरबीआई के दिशानिर्देशों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लिए गए कर्ज की शर्तों के खिलाफ था।’
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


