सीबीआई ने 20 साल से फरार एक हत्यारोपी को किया गिरफ्तार
सीबीआई ने 20 साल से फरार एक हत्यारोपी को किया गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक छात्र के कथित हत्यारे को गिरफ्तार किया है, जो दो दशकों तक अधिकारियों से बचता फिरता रहा तथा कुछ समय से महाराष्ट्र के नागपुर में फर्जी पहचान के साथ ठहरा हुआ था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दुर्गा बहादुर भट छेत्री उर्फ दीपक को छात्र श्यामल मंडल के अपहरण और फिरौती के लिए उसकी हत्या के मामले में शुक्रवार को पकड़ा गया जिसके साथ ही एक ऐसे मामले का अंत हो गया जो सालों से अनसुलझा था।
उन्होंने बताया कि केरल के तिरुवनंतपुरम में 2005 में मंडल को अगवा कर लिया गया था और बाद में फिरौती के लिए उसकी हत्या कर दी गयी।
अधिकारी ने बताया कि छेत्री अपराध के बाद से फरार हो गया था जबकि उसके साथी मोहम्मद अली को 2022 में दोषी ठहराया गया था।
सीबीआई के अनुसार मंडल 2005 में लापता हो गया था, जिसे जांचकर्ताओं ने बाद में एक सुनियोजित अपहरण बताया। इसके तुरंत बाद उसके पिता को फिरौती के लिए फोन किया गया, जिससे मामला जबरन वसूली और हत्या की जांच में बदल गया।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘यह मामला श्यामल मंडल के लापता होने, उसके पिता को फिरौती के लिए फोन आने और अंततः 23 अक्टूबर 2005 को तिरुवनंतपुरम के थिरुवल्लम में वेल्लर के पास उसका शव मिलने से संबंधित है।’’
केरल उच्च न्यायालय ने दिसंबर 2008 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को इस मामले की जांच का आदेश दिया था।
ब्यूरो के अनुसार, एजेंसी ने वर्ष के अंत में मामले को औपचारिक रूप से पुनः पंजीकृत किया, जिससे एक लंबी जांच शुरू हुई, जिसमें बीच-बीच में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि गहन जांच के बाद, एजेंसी ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के इन दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
जांच के दौरान, छेत्री गायब हो गया और उसने सूरज भट्ट के रूप में एक नई पहचान अपना ली। वह चार साल तक नागपुर में रहा और शादी करने समेत एक सामान्य जीवन व्यतीत किया।
प्रवक्ता ने कहा कि गुप्त सूचना की पुष्टि करने के बाद सीबीआई ने नागपुर में उसके ठिकाने का पता लगाया तथा फिर उसे धर दबोचा।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


