सीबीआई प्रमुख प्रवीण सूद को एक साल का सेवा विस्तार मिला
सीबीआई प्रमुख प्रवीण सूद को एक साल का सेवा विस्तार मिला
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) केंद्र सरकार ने बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) प्रमुख प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष के लिए और बढ़ा दिया।
यह उनका दूसरा कार्यकाल विस्तार है।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सूद का कार्यकाल 24 मई, 2026 के बाद एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है।
सूद ने 25 मई, 2023 को दो साल के कार्यकाल के लिए सीबीआई के निदेशक का पदभार संभाला था। पिछले साल उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की मंगलवार को हुई बैठक के बाद सूद के कार्यकाल को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस समिति में भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे।
बैठक के बाद गांधी ने सीबीआई के निदेशक की चयन प्रकिया को लेकर असहमति का नोट दिया था और कहा था कि वह इस ‘पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया’ का हिस्सा नहीं होना चाहते।
भाषा
अमित माधव
माधव

Facebook


