सीबीएसई 12वीं कक्षा के संशोधित अंकपत्र क्षेत्रीय कार्यालयों के जरिये उपलब्ध कराएगी

सीबीएसई 12वीं कक्षा के संशोधित अंकपत्र क्षेत्रीय कार्यालयों के जरिये उपलब्ध कराएगी

सीबीएसई 12वीं कक्षा के संशोधित अंकपत्र क्षेत्रीय कार्यालयों के जरिये उपलब्ध कराएगी
Modified Date: June 22, 2026 / 07:12 pm IST
Published Date: June 22, 2026 7:12 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा के जिन छात्रों के अंक सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के बाद बदले हैं, उनके संशोधित अंकपत्र आने वाले समय में सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध करा दिये जाएंगे। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

संशोधित अंकपत्र जारी होने से पहले अभ्यर्थियों को अपना पिछला मूल अंकपत्र जमा करना होगा।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘संशोधित अंकपत्र कुछ समय बाद क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध होंगे। संशोधित अंकपत्र जारी होने से पहले अभ्यर्थियों को अपना पिछला अंकपत्र जमा करना होगा। अद्यतन अंकपत्र उम्मीदवार के डिजीलॉकर अकाउंट में भी उपलब्ध है और यह सभी उद्देश्यों के लिए मान्य है।’’

सूत्रों ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को इसकी तुरंत जरूरत है, उन्हें डिजीलॉकर में उपलब्ध अंकपत्र का उपयोग करने की सलाह दी जाती है।

सीबीएसई ने रविवार को 12वीं कक्षा के उन छात्रों के पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी किए, जिन्होंने अपनी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। पहले चरण में कुल आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के नतीजे घोषित किये गए।

सीबीएसई ने कहा कि उसने 12वीं कक्षा के लिए किये गए पुनर्मूल्यांकन के नतीजे जारी करने शुरू कर दिये हैं।

सीबीएसई ने कहा कि अलग-अलग आवेदनों की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नतीजे चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे। आज, उन लगभग 87 प्रतिशत अभ्यर्थियों के नतीजे घोषित कर दिये गए हैं, जिन्होंने पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन के लिए आवेदन किया था।

सीबीएसई ने कहा कि शेष अभ्यर्थियों के नतीजे भी शीघ्र जारी कर दिये जाएंगे और उम्मीद है कि पूरी प्रक्रिया जल्द ही संपन्न हो जाएगी।

सीबीएसई ने 13 मई को लगभग 17.69 लाख छात्रों की 12वीं कक्षा की परीक्षा के नतीजे घोषित किए। बोर्ड ने छात्रों को 19 मई से 25 मई तक, अपनी जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई प्रति पाने की सुविधा प्रदान की। इसके बाद, छात्र 2 जून से 7 जून तक, सामने आई कमियों की जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते थे।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में