जनगणना 2027 डिजिटल माध्यम से होगी, तेलंगाना में पहला चरण 11 मई से नौ जून तक
जनगणना 2027 डिजिटल माध्यम से होगी, तेलंगाना में पहला चरण 11 मई से नौ जून तक
हैदराबाद, नौ अप्रैल (भाषा) तेलंगाना में जनगणना संचालन की निदेशक भारती होलिकेरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2027 की जनगणना डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी, जबकि 2011 तक यह प्रक्रिया कागज पर आधारित थी।
निदेशक होलिकेरी ने कहा कि इस प्रक्रिया के पहले चरण में घरों की सूची बनाना और आवास गणना शामिल है। पहला चरण 11 मई से नौ जून तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू किया जाएगा।
तेलंगाना में जनगणना में गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों सहित लगभग 88,000 कर्मी शामिल होंगे, हालांकि इस विशाल कार्य के लिए लगभग 93,000 से 94,000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘पिछली जनगणनाओं की तुलना में इसमें कई अनूठी विशेषताएं हैं। प्रौद्योगिकी के उपयोग की बात करें तो, पहली बार हम डिजिटल माध्यम से जनगणना करने जा रहे हैं। 2011 की जनगणना तक, जनगणना कागज पर आधारित थी।’
उन्होंने कहा कि अब विभिन्न डिजिटल उपकरण विकसित किए गए हैं, जिनमें जनगणना प्रबंधन निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस), स्व-गणना पोर्टल और एचएलओ ऐप शामिल हैं, जिनका उपयोग गणनाकर्मी प्रत्येक घर से आंकड़ा एकत्र करने के लिए करेंगे।
आंकड़े की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर उन्होंने कहा कि आंकड़ा अपलोड होते ही वह गणनाकर्मियों के उपकरणों से गायब हो जाएगा और केंद्रीय सर्वरों में संग्रहीत हो जाएगा, जिससे वह किसी के लिए भी दुर्गम होगा।
जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत देश में यह कवायद की जाती है, और यह कानून गोपनीयता और डेटा संरक्षण बनाए रखने के लिए विशेष रूप से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘डेटा संरक्षण और गोपनीयता भारत में जनगणना की पहचान हैं।’
जनगणना के तहत आयोजित होने वाली जाति जनगणना के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि पहले चरण में परिवार के मुखिया (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य) का नाम और जाति की जानकारी एकत्र की जाएगी, जबकि अन्य सदस्यों के जाति संबंधी विवरण दूसरे चरण में एकत्र किए जाएंगे।
जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या के संबंध में, उन्होंने कहा कि केंद्र ने पहले चरण का कार्यक्रम पहले ही अधिसूचित कर दिया है, 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो पूरे देश में समान होंगे।
होलिकेरी ने कहा कि नागरिकों को जनगणना 2027 में स्वयं गणना करने का अवसर दिया गया है।
स्व-गणना पोर्टल तेलंगाना के लोगों के लिए 16 अप्रैल से 10 मई तक उपलब्ध रहेगा। यह पोर्टल उपयोगकर्ताओं के अनुकूल डिजिटल उपकरण है।
जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर उत्तरदाताओं द्वारा भरी गई जानकारी की पुष्टि करेंगे।
अधिकारी ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिसमें कोई घर या क्षेत्र गणना से बाहर रह जाए, क्योंकि प्रत्येक प्रशासनिक इकाई को आगे विभाजित किया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी इमारत या घर छूट न जाए। इसके अलावा, नियमित निगरानी भी की जाती है।
यदि कोई परिवार छूट गया हो तो नागरिक जल्द ही घोषित होने वाली हेल्पलाइन पर भी संपर्क कर सकते हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


