चंपावत का मां वाराही धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री धामी
चंपावत का मां वाराही धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 16 मई (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चंपावत जिले के देवीधुरा पहुंचकर मां वाराही शक्तिपीठ धाम के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह धाम धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
धामी ने कहा कि मां वाराही धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि धाम का विकास उसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मां वाराही धाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
धामी ने मां वाराही मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
करीब 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से समुद्र तल से 6,633 फुट की ऊंचाई पर स्थित मां वाराही धाम का भव्य नवनिर्माण किया जा रहा है। मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट ने इसे आगामी दो से तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि मंदिर की स्थापत्य कला और शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे।
भाषा
दीप्ति रवि कांत

Facebook


