कांग्रेस से निष्कासित नेता राहुल ममकूटाथिल के विरूद्ध यौन हमला मामले में आरोपपत्र दाखिल
कांग्रेस से निष्कासित नेता राहुल ममकूटाथिल के विरूद्ध यौन हमला मामले में आरोपपत्र दाखिल
पथनमथिट्टा (केरल), सात मई (भाषा) कांग्रेस से निष्कासित नेता राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामलों की जांच कर रही केरल पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने यहां एक अदालत में एक संबंधित घटना के सिलसिले में आरोपपत्र दाखिल किया है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हाल में यहां थिरुवल्ला में न्यायिक (प्रथम श्रेणी) मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया गया।
अधिकारियों ने बताय कि ममकूटाथिल यौन हमले के तीन मामलों का सामना कर रहे हैं और वर्तमान आरोपपत्र तीसरे मामले से जुड़ा है।
पुलिस ने बताया कि ममकूटाथिल के खिलाफ भादंसं की धाराओं– 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, ममकूटाथिल ने 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतकर्ता से दोस्ती की और कथित तौर पर उसका विश्वास जीता।
पुलिस का आरोप है कि निजी बातचीत का बहाना बनाकर उन्होंने महिला शिकायतकर्ता को तिरुवल्ला के एक होटल में कमरा बुक करने के लिए राजी किया।
पुलिस के अनुसार, होटल में पलक्कड़ के पूर्व विधायक ममकूटाथिल ने कथित तौर पर पीड़िता पर यौन हमला किया।
अभियोजन पक्ष का कहना है कि महिला बाद में जब गर्भवती हो गयी और उसने आरोपी को इस बारे में बताया, तब उन्होंने उसे धमकाया।
ममकूटाथिल को इस मामले में इस साल 11 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था और वह 28 जनवरी को पथनमथिट्टा जिला एवं प्रधान सत्र न्यायालय से जमानत मिलने तक जेल में रहे।
अन्य दो मामलों में, ममकूटाथिल ने तिरुवनंतपुरम की एक जिला अदालत और केरल उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली।
ममकूटाथिल को पिछले साल यौन दुराचार के आरोपों के बाद कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
उन्होंने इस साल नौ अप्रैल को हुए केरल विधानसभा चुनाव में चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन पार्टी को अपना समर्थन जारी रखा।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


