डॉक्टर की रिपोर्ट देखें: ममता ने शाह के ‘पैर में चोट’ के आरोप पर पलटवार किया

डॉक्टर की रिपोर्ट देखें: ममता ने शाह के 'पैर में चोट' के आरोप पर पलटवार किया

डॉक्टर की रिपोर्ट देखें: ममता ने शाह के ‘पैर में चोट’ के आरोप पर पलटवार किया
Modified Date: March 29, 2026 / 04:25 pm IST
Published Date: March 29, 2026 4:25 pm IST

पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), 29 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान लगी उनकी चोट के बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह द्वारा की गई कथित टिप्पणी पर रविवार को नाराजगी जताते हुए उनसे वह मेडिकल रिपोर्ट देखने को कहा जिसमें उनके पैर की चोट की विस्तृत जानकारी है।

शाह ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक दिन पहले राजनीतिक ‘चार्जशीट’ (आरोपपत्र) जारी करते हुए पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने हमेशा ‘विक्टिम कार्ड’ की राजनीति खेली’ है।

उन्होंने कहा था, “कभी वो अपनी चोट की बात करती हैं, कभी निर्वाचन आयोग को कोसती हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल के लोग अब उनकी ‘विक्टिम कार्ड’ वाली राजनीति को अच्छी तरह समझ चुके हैं।”

रविवार को पुरुलिया जिले के मानबाजार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, “लोग कह रहे हैं कि मैं चुनाव के दौरान पट्टी बांधकर घूमती हूं। मैं बार-बार मौत के मुंह से लौटी हूं। जाकर डॉक्टर की रिपोर्ट ले आओ।”

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “क्या आपने 2021 के चुनाव के दौरान जानबूझकर मेरे पैर में चोट पहुंचाई थी? मैंने व्हीलचेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार किया था। क्या आप मुझे जान से मारने की योजना बना रहे हैं?”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक ‘‘चार्जशीट’’ (आरोपत्र) जारी किए जाने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि खुद शाह के खिलाफ उनके ‘‘पुराने कृत्यों’’ के लिए ‘‘चार्जशीट’’ दाखिल होनी चाहिए।

उन्होंने अपनी सरकार की विकास पहलों पर प्रकाश डाला और आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो वह महिलाओं के लिए ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना बंद कर देगी और लोगों की खान-पान की पसंद पर पाबंदी लगाएगी।

भाषा अमित रंजन

रंजन


लेखक के बारे में