मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बंगाल के सीईओ को फोन कर पहले चरण के मतदान की जानकारी ली
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बंगाल के सीईओ को फोन कर पहले चरण के मतदान की जानकारी ली
कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को फोन कर राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान के मद्देनजर जमीनी हालात की जानकारी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान कुमार ने राज्य के सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल से कहा कि मतदान ‘‘अच्छी तरह से चल रहा है’’, लेकिन ‘‘सुधार की गुंजाइश है’’।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 152 विधानसभा क्षेत्रों में 3.60 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 90 प्रतिशत ने शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त हुआ।
राज्य विधानसभा चुनावों के पहले चरण में छिटपुट हिंसा और कम से कम तीन उम्मीदवारों पर हमले की खबरें सामने आईं, जबकि कुछ क्षेत्रों में मतदाताओं और राजनीतिक दलों के मतदान एजेंटों ने केंद्रीय बलों की अनुपस्थिति का आरोप लगाया।
अग्रवाल ने संभावित गड़बड़ियों की चिंताओं के मद्देनजर ने जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रीय बलों को न केवल मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में बल्कि आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित क्षेत्र से बाहर भी तैनात किया जाना चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बलों को स्थिति के आधार पर कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद के नाओदा में आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक और अध्यक्ष हुमायूं कबीर से जुड़ी एक घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन भड़कने और दो समूहों के बीच झड़प होने के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के कुमारगंज से उम्मीदवार सुभेंदु सरकार और उनके मतदान एजेंट पर कथित हमले के संबंध में रिपोर्ट तलब की है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


