सीजेपी ने बेंगलुरु में भारी बारिश के बीच प्रदर्शन किया

सीजेपी ने बेंगलुरु में भारी बारिश के बीच प्रदर्शन किया

सीजेपी ने बेंगलुरु में भारी बारिश के बीच प्रदर्शन किया
Modified Date: June 14, 2026 / 08:34 pm IST
Published Date: June 14, 2026 8:34 pm IST

बेंगलुरु, 14 जून (भाषा) नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवाओं ने रविवार को यहां ‘फ्रीडम पार्क’ में प्रदर्शन किया।

मूसलाधार बारिश के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में युवाओं ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह आंदोलन कथित नीट घोटाले के विरोध में आयोजित किया गया है और शिक्षा मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) सोशल मीडिया मंचों के जरिए समर्थन जुटा रही है और इससे पहले नयी दिल्ली में भी इसी तरह का प्रदर्शन कर चुकी है।

सीजेपी ने कहा कि नीट प्रश्नपत्र के कथित लीक होने की घटना केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाती है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल हुए और उन्होंने अभियान को अपना समर्थन दिया। इस विरोध प्रदर्शन में कई युवा समूहों और संगठनों ने भी भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि भविष्य में नीट परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नए सुरक्षा उपाय और नियम लागू किए जाएं।

रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी स्थल पर डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।

आयोजकों ने कहा कि बेंगलुरु का यह प्रदर्शन देश के प्रमुख शहरों में चलाए जा रहे विरोध कार्यक्रमों की शृंखला का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में इसी तरह के प्रदर्शन के बाद यह अभियान आगे बढ़ाया गया है।

आयोजकों ने दावा किया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में