कॉजपा ने ‘डायपर डोनेशन ड्राइव’ का ऐलान किया, पुलिस पर प्रदर्शनस्थल के दायरे को छोटा करने का आरोप

कॉजपा ने ‘डायपर डोनेशन ड्राइव’ का ऐलान किया, पुलिस पर प्रदर्शनस्थल के दायरे को छोटा करने का आरोप

कॉजपा ने ‘डायपर डोनेशन ड्राइव’ का ऐलान किया, पुलिस पर प्रदर्शनस्थल के दायरे को छोटा करने का आरोप
Modified Date: June 23, 2026 / 01:51 pm IST
Published Date: June 23, 2026 1:51 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक के कथित आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने मंगलवार को एक अनोखे ‘डायपर डोनेशन ड्राइव’ का ऐलान किया।

कथित परीक्षा गड़बड़ियों के खिलाफ शनिवार से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठी इस पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए यह घोषणा की।

पार्टी ने अपने समर्थकों से विरोध स्थल पर डायपर लाने, उन पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लिखने और मंगलवार शाम के लिए प्रस्तावित ‘डायपर ए डे कीप्स लीक्स अवे’ अभियान में शामिल होने की अपील की है।

कॉजपा ने कहा, ‘‘एक डायपर लाएं, उस पर उनके (केंद्रीय शिक्षा मंत्री) इस्तीफे की मांग लिखें, और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह शिक्षा मंत्री तक पहुंचे।’’

जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन का मंगलवार को चौथा दिन है।

इस बीच, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल के दायरे को छोटा करने की कोशिश की है।

दीपके ने सोमवार देर रात आरोप लगाया कि पुलिस ने अवरोधकों के जरिए ‘‘प्रदर्शन स्थल को एक छोटे से क्षेत्र में समेटने’’ का प्रयास किया। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कॉजपा कथित प्रश्नपत्र लीक और नीट विवाद समेत परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों, अभ्यर्थियों और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया है, जिनमें स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) शामिल हैं। एआईएसएफ ने अपने ‘शिक्षा के साथ शिक्षा की लड़ाई’ पहल के तहत प्रदर्शन स्थल पर एक मुफ्त पुस्तकालय भी स्थापित किया है।

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में