सेना में जेसीओ में उच्च रक्तचाप की शिकायतें 9.61 प्रतिशत: सरकार
सेना में जेसीओ में उच्च रक्तचाप की शिकायतें 9.61 प्रतिशत: सरकार
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) सरकार ने संसद की एक समिति को बताया है कि सेना के जूनियर कमीशंड अधिकारियों और अन्य रैंक (जेसीओ/ओआर) में उच्च रक्तचाप की शिकायत 31 दिसंबर 2023 तक 9.61 प्रतिशत थी।
हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने लोक लेखा समिति को दिए अपने जवाब में यह भी कहा कि जेसीओ/ओआर श्रेणी के कर्मियों के बीच उच्च रक्तचाप और मधुमेह की शिकायतें देश में जनता के बीच इन दोनों स्वास्थ्य समस्याओं की व्यापकता का ‘‘लगभग आधा’’ थीं।
मंत्रालय ने वर्ष 2019-2021 के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) के आंकड़ों का हवाला दिया।
भारतीय सेना में जेसीओ और ओआर, हवलदार से ऊपर और अधिकारी से नीचे के रैंक हैं।
रक्षा मंत्रालय से संबंधित समिति की रिपोर्ट बुधवार को संसद में पेश की गई।
समिति ने कहा कि अपनी मूल सिफारिश में, उसने ‘‘विकलांगता के साथ सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों का अनुपात अपेक्षाकृत अधिक रहने पर चिंता व्यक्त की थी, विशेष रूप से यह देखते हुए कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली संबंधी रोग इन विकलांगताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।’’
समिति ने कहा कि उसने भारतीय सेना के जवानों में इस स्वास्थ्य समस्या की व्यापकता पर ‘‘व्यापक डेटा’’ के साथ-साथ ‘‘उपचारात्मक उपायों’’ की भी मांग की है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि समिति ने ‘‘मूल कारणों का विश्लेषण करने’’ का भी अनुरोध किया था ताकि ‘‘अंतर्निहित कारकों को बेहतर ढंग से समझा जा सके और उनका समाधान किया जा सके।’’
भाषा हक हक सुभाष
सुभाष

Facebook


