जुबिन की मौत मामले में सिंगापुर पुलिस की जांच पूरी होने का असम में कार्यवाही पर कोई असर नहीं: अधिकारी

जुबिन की मौत मामले में सिंगापुर पुलिस की जांच पूरी होने का असम में कार्यवाही पर कोई असर नहीं: अधिकारी

जुबिन की मौत मामले में सिंगापुर पुलिस की जांच पूरी होने का असम में कार्यवाही पर कोई असर नहीं: अधिकारी
Modified Date: April 2, 2026 / 04:11 pm IST
Published Date: April 2, 2026 4:11 pm IST

गुवाहाटी, दो अप्रैल (भाषा) गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में सिंगापुर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद इसकी असम में जारी कार्यवाही पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सिंगापुर पुलिस ने अपनी जांच में पाया था कि इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक कृत्य के सबूत नहीं मिले हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यहां असम पुलिस की जांच में ‘‘सभी पहलू’’ शामिल किए गए और गुवाहाटी की स्थानीय अदालत में दायर आरोप-पत्र इसी पर आधारित है।

राज्य के महाधिवक्ता देवजीत सैकिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पिछले साल सितंबर में जुबिन गर्ग की सिंगापुर में डूबने से मौत हुई, जिस मामले में वहां की पुलिस द्वारा की गई जांच, उसके निष्कर्षों और मामले के पूरा होने का यहां की ‘फास्ट-ट्रैक’ अदालत में जारी सुनवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’

उन्होंने कहा, “गुवाहाटी में दायर आरोप पत्र उन अपराध के आरोपों और निष्कर्षों पर आधारित है, जो सिंगापुर पुलिस द्वारा की गई जांच से अलग हैं।”

मौत की जांच के लिए यहां गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के प्रमुख विशेष पुलिस महानिदेशक (एसडीजीपी) एम.पी. गुप्ता ने बताया कि राज्य में जारी जांच में पिछले कुछ सालों की घटनाओं को भी ध्यान में रखा गया।

गीतकार-संगीतकार की 19 सितंबर को लाजारूस द्वीप के पास तैराकी के समय डूब जाने से मौत हो गई थी। यह घटना ऐसे समय में हुई जब उन्हें एक दिन बाद सिंगापुर में ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में प्रस्तुति देनी थी।

असम पुलिस की अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) की एक एसआईटी ने इस मौत की जांच की और दिसंबर में यहां की एक स्थानीय अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया, जिसमें सात आरोपियों के नाम शामिल हैं। इनमें से चार पर हत्या के आरोप हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने नवंबर में राज्य विधानसभा में कहा था कि गर्ग की मौत ‘‘सीधे तौर पर हत्या’’ का मामला था।

गुवाहाटी में एक ‘फ़ास्ट-ट्रैक’ सत्र न्यायालय अब इस मामले की सुनवाई कर रहा है।

सिंगापुर पुलिस ने बुधवार को एक बयान में कहा कि गर्ग की मौत की जांच पूरी हो गई है और इसमें किसी भी तरह की साजिश का कोई सबूत नहीं मिला है।

गुप्ता ने सिंगापुर पुलिस की जांच के नतीजों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यहां इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि ‘‘हमारी जांच में हमने पूरी तस्वीर को ध्यान में रखा था, जिसमें पिछले कुछ सालों की घटनाएं और लगातार हो रहे वाकये शामिल थे।”

उन्होंने कहा, “एक साफ तस्वीर उभरकर सामने आती है, जहां सारी कड़ियां आपस में जुड़ जाती हैं… हमने पिछले कई सालों की घटनाओं पर गौर किया है कि कैसे आरोपी ने गर्ग के साथ धोखाधड़ी की।’’

भाषा

यासिर प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में