कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एसआईआर प्रक्रिया को बाधित कर रही है : भाजपा

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एसआईआर प्रक्रिया को बाधित कर रही है : भाजपा

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार एसआईआर प्रक्रिया को बाधित कर रही है : भाजपा
Modified Date: July 4, 2026 / 05:42 pm IST
Published Date: July 4, 2026 5:42 pm IST

बेंगलुरु, चार जुलाई (भाषा) कर्नाटक में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को निर्वाचन आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) का दुरुपयोग करके मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बाधा डाल रही है।

पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र, भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री एस. सुरेश कुमार के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की और शिकायत दर्ज कराई।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया नेक इरादों से शुरू की है, लेकिन राज्य सरकार इस प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूरा करने देने के बजाय बीएलओ पर दबाव डाल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज बीएलओ पर दबाव डाला जा रहा है और उनका दुरुपयोग किया जा रहा है।’’

विजयेंद्र ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत अधिकारियों को घर-घर जाकर यह कार्य पूरा करना होता है। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, बीएलओ को घर-घर जाने के बजाय कुछ स्थानों पर सामुदायिक भवनों, बारात घरों और कुछ जगहों पर मस्जिदों तथा विधायकों के कार्यालयों में बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है। हमने ऐसे मामलों से निर्वाचन आयोग को अवगत कराया है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि कथित अनियमितताओं का संज्ञान लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही संपन्न हो।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में