कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की चिंता, हम जनता की आवाज सुनते हैं: भजनलाल शर्मा

कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की चिंता, हम जनता की आवाज सुनते हैं: भजनलाल शर्मा

कांग्रेस को सिर्फ एक परिवार की चिंता, हम जनता की आवाज सुनते हैं: भजनलाल शर्मा
Modified Date: February 25, 2024 / 09:16 pm IST
Published Date: February 25, 2024 9:16 pm IST

जयपुर, 25 फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ एक परिवार की चिंता करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता के बीच जाकर उनकी आवाज सुनती है।

धौलपुर के बाड़ी के बाद करौली में ईआरसीपी आभार सभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने हमेशा झूठ बोलने और लूटने का काम किया।

धौलपुर के बाड़ी में उन्होंने कांग्रेस पर पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को लटकाने और भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की चिंता करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी को आगे बढ़ाना चाहती हैं। शर्मा ने कहा, ‘‘सोनिया जी को केवल राहुल की और राजस्थान में अशोक गहलोत को अपने पुत्र वैभव गहलोत की चिंता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम जनता के बीच जाते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं। बूथ से लेकर मंडल, जिला, प्रदेश, राष्ट्र स्तर तक हमारा एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच काम करता है…हम जनता की चिंता करते हैं, इसलिए लोग हमें प्यार करते हैं।’’

शर्मा ने कहा कि इस परियोजना में 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार देगी और 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।

करौली में आभार सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने हमेशा झूठ बोलने और लूटने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल में करौली और उदयपुर सहित अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि तुष्टिकरण के आधार पर चलने वाली कांग्रेस सरकार ने किसी भी तरह का निर्णय नहीं लिया है।

उन्होंने कहा जब राजनीति में काम करते हैं तो मन के अंदर विश्वास पैदा करना होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता के बीच में जो काम करने थे उन्हें नहीं किये।

उन्होंने कहा भाजपा जब राजनीति करती है तो जनता को विश्वास में लेकर करती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता से किये गए एक-एक वादे को समय से पहले पूरा करेगी।

भाषा कुंज दिलीप संतोष

संतोष


लेखक के बारे में