कांग्रेस नेता ने पूर्व एसएनडीपी योगम संघ सचिव की मौत की नये सिरे से जांच की मांग की
कांग्रेस नेता ने पूर्व एसएनडीपी योगम संघ सचिव की मौत की नये सिरे से जांच की मांग की
तिरुवनंतपुरम, 22 जून (भाषा) वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी एम सुधीरन ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन को पत्र लिखकर एसएनडीपी योगम कनिचुकुलंगरा संघ के पूर्व सचिव के के महेशन की आत्महत्या की नए सिरे से जांच की मांग की।
महेशन जून 2020 में अलाप्पुझा के कनिचुकुलंगरा में श्री नारायण धर्म परिपालन (एसएनडीपी) योगम संघ कार्यालय में फांसी पर लटके मिले थे।
पुलिस ने इस सिलसिले में एसएनडीपी योगम के महासचिव वेल्लापल्ली नतेसन, उनके प्रबंधक के एल अशोकन और बेटे तुषार वेल्लापल्ली के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
सुधीरन ने मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में महेशन की पत्नी उषादेवी की ओर से सौंपी गई याचिका भेजी और इस मामले में तुरंत दखल देने की मांग की।
उन्होंने अपने फ़ेसबुक पेज पर वह चिट्ठी और याचिका भी साझा की।
सुधीरन ने दावा किया कि महेशन की मौत के ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कई शिकायतें करने के बावजूद, अब तक कोई असरदार कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नतेसन और अन्य लोगों द्वारा मानसिक रूप से परेशान किए जाने और धमकियां दिये जाने के कारण महेशन को यह अतिवादी कदम उठाना पड़ा।
सुधीरन ने कहा कि छह जून को मुख्यमंत्री से भी शिकायत की गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखी।
उन्होंने भरोसा जताया कि मौजूदा सरकार पिछली सरकार जैसा रवैया नहीं अपनाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच के लिए वरिष्ठ और ईमानदार पुलिस अधिकारियों की एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की अपील की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधीरन ने यह भी आरोप लगाया कि महेशन की मौत के बाद भी नतेसन उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे । उन्होंने नतेसन पर कानून के शासन का अनादर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कानून बनाए रखने के लिए ज़िम्मेदार सरकारी तंत्र को बिना किसी देरी के कार्रवाई करनी चाहिए।
सुधीरन ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वह उषादेवी की याचिका पर तुरंत और असरदार कार्रवाई करें एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं।
यह कदम नतेसन के उस आरोप के एक दिन बाद उठाया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सुधीरन उन्हें इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह 2004 के लोकसभा चुनाव में अलाप्पुझा से हार गये थे।
नतेसन ने कहा कि उस चुनाव में उन्होंने सुधीरन के विरूद्ध काम किया था, फलस्वरूप वह हार गये थे।
उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और कहा कि पुलिस पहले ही इस मामले की जांच कर चुकी है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव

Facebook


