विदेशी मानसिकता के साथ देश को बांटने के लिए काम कर रहा है कांग्रेस नेतृत्व : भाजपा

विदेशी मानसिकता के साथ देश को बांटने के लिए काम कर रहा है कांग्रेस नेतृत्व : भाजपा

विदेशी मानसिकता के साथ देश को बांटने के लिए काम कर रहा है कांग्रेस नेतृत्व : भाजपा
Modified Date: June 29, 2026 / 02:31 pm IST
Published Date: June 29, 2026 2:31 pm IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के कांग्रेस पर दिए गए बयान का समर्थन किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व की ‘‘विदेशी मानसिकता’’ है और वह विदेशी शक्तियों के इशारे पर ‘‘भारत को विभाजित करने तथा कमजोर करने’’ का काम कर रहा है।

यह बयान नितिन नवीन द्वारा रविवार को हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा में दिए गए वक्तव्य के बाद आया। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस परिवार की मानसिकता ‘‘भारतीय नहीं बल्कि इतालवी है’’ और भारत में ऐसी मानसिकता वाली सरकार को अवसर नहीं मिलेगा।

नितिन नवीन के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि अब कांग्रेस का अर्थ ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ नहीं, बल्कि ‘इटैलियन नेशनल कांग्रेस’ या ‘इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस’ हो गया है।

उन्होंने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘नितिन नवीन जी बिल्कुल सही हैं। कांग्रेस परिवार का शरीर भारत में है, लेकिन उनकी मानसिकता विदेश में है। इसी विदेशी मानसिकता के कारण वे विदेशी शक्तियों के इशारे पर लगातार भारत को बांटने और कमजोर करने का काम करते हैं।’’

शहजाद पूनावाला ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विदेश यात्राओं के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और संप्रभुता की आलोचना करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या यह सच नहीं है कि राहुल गांधी अब भी विदेश में हैं और शायद भारत के खिलाफ कोई नई साजिश रच रहे हैं? वह विदेशी धरती पर जाकर भारत की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और संप्रभुता की आलोचना करते हैं।’’

पूनावाला ने आरोप लगाया, ‘‘वह विदेश जाकर कहते हैं कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ हुआ ही नहीं। वह हमारे सशस्त्र बलों पर हमला करते हैं और कहते हैं कि उन्हें पराजित किया गया। इस पर उच्चतम न्यायालय ने भी उन्हें फटकार लगाई और कहा कि कोई भारतीय इस तरह की बातें नहीं करता।’’

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर ‘‘जाति के आधार पर देश को बांटने’’ और देश की संस्थाओं पर हमला करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी कहते हैं कि वह भारत राष्ट्र से लड़ना चाहते हैं और जाति के आधार पर देश को विभाजित करते हैं। इससे साफ है कि उनका एजेंडा जॉर्ज सोरोस से धन और ठेका लेकर भारत तथा उसकी संस्थाओं पर हमला करना और देश को बांटना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का विरोध करते-करते राहुल गांधी अब भारत और भारत राष्ट्र का ही विरोध करने लगे हैं। इसलिए यह अब ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ नहीं, बल्कि ‘भारत विरोधी इटैलियन नेशनल कांग्रेस’ या ‘इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस’ बन गई है।’’

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में