ग्रेटर कैलाश में ‘हिट-एंड-रन’ मामले में रसोइए की मौत; कार की पहचान हुई

ग्रेटर कैलाश में ‘हिट-एंड-रन’ मामले में रसोइए की मौत; कार की पहचान हुई

ग्रेटर कैलाश में ‘हिट-एंड-रन’ मामले में रसोइए की मौत; कार की पहचान हुई
Modified Date: April 1, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: April 1, 2026 10:13 pm IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-एक इलाके में ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में 41 वर्षीय रसोइए की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली है और उसके चालक का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 8.30 बजे हुई, जब इलाके के निवासी सुरेंद्र दास जीके-एक में अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे और एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में जीके थाने को सूचना दी गई और एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया।

दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा, ‘घरेलू रसोइए के रूप में काम करने वाले दास टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और प्रासंगिक सबूत एकत्र किए।

अधिकारी ने कहा, ‘सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के विश्लेषण से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान सफेद रंग की मारुति सियाज के रूप में हुई है। वाहन के चालक का पता लगाने और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस टीमें कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं और आरोपी का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी का उपयोग कर रही हैं।’

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में