भ्रष्टाचार मामला: केरल सरकार का फरार पूर्व अधिकारी बेंगलुरु में गिरफ्तार

भ्रष्टाचार मामला: केरल सरकार का फरार पूर्व अधिकारी बेंगलुरु में गिरफ्तार

भ्रष्टाचार मामला: केरल सरकार का फरार पूर्व अधिकारी बेंगलुरु में गिरफ्तार
Modified Date: February 5, 2026 / 10:54 am IST
Published Date: February 5, 2026 10:54 am IST

पलक्कड़ (केरल), पांच फरवरी (भाषा) सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने बेंगलुरु में एक पूर्व कृषि अधिकारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी भ्रष्टाचार के एक मामले में अपनी सजा पूरी किए बिना फरार था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पलक्कड़ जिले के अगाली के पूर्व कृषि अधिकारी (एओ) वेंकटेश्वर बाबू को बुधवार को पलक्कड़ वीएसीबी इकाई ने गिरफ्तार कर लिया।

वीएसीबी के अनुसार, यह मामला 2006 का है जब बाबू अगाली कृषि भवन में एक अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

बाबू पर प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों के नुकसान के लिए किसानों को मिलने वाले मुआवजे का गबन करने का आरोप था और इसके लिए उन्होंने किसानों के नाम पर जाली दस्तावेज बनाए थे।

एक अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद वीएसीबी ने त्रिशूर सतर्कता अदालत में बाबू के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

बाद में 24 दिसंबर 2016 को त्रिशूर सतर्कता अदालत ने उन्हें दोषी पाया और विभिन्न धाराओं के तहत तीन साल के कठोर कारावास के साथ-साथ 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

वीएसीबी ने बताया कि बाबू ने फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी लेकिन अपील खारिज कर दी गई और उन्हें सजा काटने के लिए सतर्कता अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया। हालांकि, वह अदालत में पेश नहीं हुए और छिप गए।

अधिकारियों ने बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर वीएसीबी की टीम ने बेंगलुरु में बाबू का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि फरार होने से पहले आरोपी कोयंबटूर में रह रहा था जिसे बृहस्पतिवार को त्रिशूर सतर्कता अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

भाषा सुरभि अमित

अमित


लेखक के बारे में