माकपा नीत एलडीएफ और भाजपा में साठगांठ : राहुल गांधी

माकपा नीत एलडीएफ और भाजपा में साठगांठ : राहुल गांधी

माकपा नीत एलडीएफ और भाजपा में साठगांठ : राहुल गांधी
Modified Date: March 25, 2026 / 11:24 pm IST
Published Date: March 25, 2026 11:24 pm IST

कोझिकोड(केरल), 25 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच साठगांठ है।

राहुल ने केंद्रीय एजेंसियों द्वारा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की ओर भी इशारा किया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने कहा कि केरल विधानसभा चुनावों में केवल दो ही पक्ष चुनाव लड़ रहे हैं। पहला कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) है और दूसरी ओर एलडीएफ-भाजपा की साझेदारी है।

विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार पर निशाना साधते हुए गांधी ने केरल में मादक पदार्थों के मुद्दे को एक बड़ी समस्या के रूप में उजागर किया।

यहां कोझिकोड बीच पर यूडीएफ के एक कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने शबरिमला से कथित तौर पर सोने के गबन का मुद्दा भी उठाया, और दावा किया कि वहां से कीमती धातु चोरी हो गई और इस संबंध में माकपा के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने पूछा, ‘‘जो सरकार भगवान अय्यप्पा का सम्मान नहीं करती, वह केरल की जनता का सम्मान कैसे कर सकती है?’’

गांधी ने कहा कि केरल में एलडीएफ की नीतियों को भाजपा की नीतियों से अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि एलडीएफ और भाजपा दोनों का ही मानना है कि वे केरल की जनता के प्रति जवाबदेह नहीं हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह बात वह नहीं कह रहे हैं, बल्कि वे वामपंथी नेता कह रहे हैं जो विधानसभा चुनाव में एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा का मुकाबला करने वाले विपक्षी नेताओं को ‘‘निशान बनाया जाता है, उन पर मामले दर्ज किए जाते हैं और उनसे पूछताछ की जाती है।’’

गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘मेरे खिलाफ लगभग 40 मामले दर्ज हैं, और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुझसे लगातार पांच दिनों तक पूछताछ की। भाजपा हर दिन हर पल मुझ पर हमला करती है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा केरल के मुख्यमंत्री पर निशाना क्यों नहीं साधती? उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले आगे क्यों नहीं बढ़ रहे हैं? यह भाजपा और एलडीएफ के बीच साठगांठ का सबसे बड़ा सबूत है।’’

गांधी ने कहा कि एलडीएफ और भाजपा के बीच अन्य समानताओं में रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के वादे को पूरा न करना भी शामिल है।

उन्होंने दावा किया कि केरल में तीन में से एक युवा बेरोजगार है, जबकि एलडीएफ शासन में सरकारी नौकरियों में योग्यता और क्षमता की जगह भाई-भतीजावाद को महत्व दिया जा रहा है और गुपचुप नियुक्तियां हो रही हैं।

सबरिमला में सोने की चोरी के मुद्दे पर वामपंथी सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘दरअसल, उसने (एलडीएफ) सबरिमला को भी नहीं छोड़ा है। वे सोना चुरा ले गए हैं और कई माकपा नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।’’

उन्होंने कहा कि नौ अप्रैल को होने वाला विधानसभा चुनाव युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करने और राज्य के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बरकरार रखने के बारे में हैं।

गांधी ने लोगों से ‘‘भ्रष्ट एलडीएफ को हराने और भाजपा की नफरत भरी नीतियों का पर्दाफाश करने’’ का आह्वान किया।

भाषा

देवेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में