जामुन के पेड़ से गिरने के बाद सीआरपीएफ अधिकारी की मौत

जामुन के पेड़ से गिरने के बाद सीआरपीएफ अधिकारी की मौत

जामुन के पेड़ से गिरने के बाद सीआरपीएफ अधिकारी की मौत
Modified Date: June 29, 2026 / 08:20 pm IST
Published Date: June 29, 2026 8:20 pm IST

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 29 जून (भाषा) हरियाणा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 38 वर्षीय एक उप-निरीक्षक की सोमवार को पेड़ से दुर्घटनावश गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान वह बच्चों के लिए पेड़ से जामुन तोड़ रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेंदर चौहान बीड अमीन गांव के रहने वाले थे। वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सीआरपीएफ में तैनात थे।

पुलिस ने बताया कि वह 10 दिनों की छुट्टी पर घर आए हुए थे और सोमवार को ही उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था।

परिजनों के अनुसार, सुरेंदर जब घर से निकलने वाले थे तभी उनकी बेटी निष्ठा (8) और बेटे वरदान (5) ने उनसे घर के पास एक पेड़ से जामुन तोड़ने के लिए कहा।

इसके बाद सुरेंद्र पेड़ पर चढ़कर कुछ फल तोड़ने के बाद ऊपरी डाल पर चले गये। इसी दौरान कथित तौर पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फुट नीचे सीमेंट की सिल्लियों से ढके नाले में जा गिरे।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आदर्श थाना प्रभारी सुरिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में