राम मंदिर दान गबन मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: झारखंड भाजपा अध्यक्ष
राम मंदिर दान गबन मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: झारखंड भाजपा अध्यक्ष
मेदिनीनगर (झारखंड), 28 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने रविवार को दावा किया कि अयोध्या में राम मंदिर के दान में हुए कथित गबन मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
साहू ने कहा कि इस मामले में जो भी जांच के दायरे में हैं चाहे वे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय हों या कोई अन्य न्यासी यदि वे दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें निश्चित रूप से दंडित किया जाएगा।
पलामू जिले के मेदिनीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार इस पूरे मामले को लेकर बेहद गंभीर है और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
अयोध्या में राम मंदिर के दान में कथित गबन का मामला एक बड़े विवाद में बदल गया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में मंदिर की दान प्रबंधन प्रणाली में गंभीर खामियां पाई गई हैं, जिसके बाद नकदी और कीमती सामान की गिनती से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
साहू ने बताया कि एसआईटी प्राथमिकी में नामजद आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


