दिल्ली: आवारा गाय के हमले में बच्चा घायल

दिल्ली: आवारा गाय के हमले में बच्चा घायल

दिल्ली: आवारा गाय के हमले में बच्चा घायल
Modified Date: June 22, 2026 / 09:46 pm IST
Published Date: June 22, 2026 9:46 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक आवारा गाय के हमले में एक बच्चा घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है, जिसमें पशु बच्चे को गिराकर उस पर हमला करते दिखा।

घटना शुक्रवार को तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर 10 में दिल्ली नगर निगम के मध्य जोन में हुई।

सीसीटीवी फुटेज में बच्चा संकरी गली में खड़ा दिखा, तभी एक आवारा गाय अचानक तेजी से उसकी ओर दौड़ी और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद गाय ने अपने सींगों और खुरों से बच्चे पर कई बार हमला किया।

वीडियो में दिखा कि हमले के दौरान एक स्थानीय निवासी बच्चे को बचाने के लिए दौड़ा और उसे गोद में उठाकर वहां से ले जाने की कोशिश की, लेकिन गाय ने उस व्यक्ति का भी पीछा किया और आक्रामक हो गई।

वीडियो में दिखा कि इसके बाद एक और आवारा गाय भी मौके पर आ गई और दोनों पशु वहां मौजूद लोगों के एक समूह का पीछा करने लगे। स्थानीय लोगों ने डंडों की मदद से उन्हें भगाया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बच्चा घायल हुआ है। वह अब ठीक हो रहा है।’’

घटना के बाद नगर निकाय अधिकारियों ने दोनों गायों को पकड़कर रेवला खानपुर गौशाला भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम के मध्य जोन में बड़ी संख्या में अवैध डेयरी के संचालन के कारण क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या को नियंत्रित करने के लिए अब अवैध डेयरी और पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी।

भाषा अमित माधव

माधव


लेखक के बारे में