दिल्ली की मुख्यमंत्री ने शहर भर में अनधिकृत और अवैध इमारतों का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने शहर भर में अनधिकृत और अवैध इमारतों का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) साकेत में एक इमारत के गिरने की घटना के मद्देनजर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को शहर भर में सभी अनधिकृत और अवैध निर्माणों पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले सप्ताह साकेत के सैदुलजाब इलाके में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। इमारत में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कार्यालय थे, और बताया जा रहा है कि इमारत गिरने के समय इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को इमारतों का व्यापक सर्वेक्षण करने और अनियमितताओं की पहचान करने के सख्त निर्देश दिए हैं।’
उन्होंने बताया कि एमसीडी आयुक्त को अतीत में चिन्हित किए गए अनधिकृत निर्माणों पर भी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सामान्य प्रक्रिया के अनुसार, एमसीडी अनधिकृत निर्माण, गंभीर संरचनात्मक खामियों या गैर-अनुरूप क्षेत्रों में बिना अनुमति के व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए संपत्तियों को सील कर देती है या खाली करने के नोटिस जारी करती है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


