नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने शहर के एक निजी होटल को 200 करोड़ रुपये का ऋण देने के नाम पर कथित रूप से ठगी के मामले में दो कंपनियों और उनके प्रतिनिधियों को समन भेजा है।
मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तरुणप्रीत कौर ने आरोपियों… सिटी फिनकॉर्प सर्विसेज, एडवांस सिटी फिनकॉर्प कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड और उनके अधिकारियों विजय विरमानी, सुभाष शर्मा, रवि कुमार, सपन धवन, दिनेश शर्मा और ललित कुमार… को एक सितंबर को अदालत के समक्ष पेश होने को कहा है।
न्यायालय जॉय होटल रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा दी गई अर्जी पर सुनवाई कर रहा था। अर्जी में दावा किया गया है कि आरोपी ने सिटी फिनकॉर्प सर्विसेज को सिटिकॉर्प फाइनेंस (इंडिया) लिमिटेड से जुड़ी हुई फर्म होने की गलत जानकारी दी, क्योंकि दोनों के नाम मिलते-जुलते हैं। सिटिकॉर्प फाइनेंस (इंडिया) लिमिटेड वित्तीय क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी है।
आवेदक ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे 12.5 लाख रुपये ठगे हैं।
भाषा अर्पणा पवनेश
पवनेश