दिल्ली आग: अवैध निर्माण पर कार्रवाई के तहत 43 संपत्तियां सील, 82 अन्य के खिलाफ कार्रवाई
दिल्ली आग: अवैध निर्माण पर कार्रवाई के तहत 43 संपत्तियां सील, 82 अन्य के खिलाफ कार्रवाई
नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली में अनधिकृत निर्माण और परिसरों के दुरुपयोग पर एक बड़ी कार्रवाई के तहत एक जून से सभी नगर निगम क्षेत्रों में 82 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई और 43 अन्य को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में की जा रही है जब बुधवार को हौजरानी में एक होटल में भीषण आग लगने से विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की मौत हो गयी।
एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देशों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बताया कि एक जून से अब तक दक्षिण जोन में 12, सिविल लाइंस जोन में सात और नरेला जोन में आठ संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। इसी अवधि में दक्षिण जोन में 14 संपत्तियों को सील कर दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सैद-उल-अजैब क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के चलते 40 से अधिक मकानों को सील करने के लिए चिह्नित किया गया है। इसके अलावा, हौज रानी और मालवीय नगर में ‘बेड-एंड-ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) योजना वाले कम से कम 12 होटलों को भी चिह्नित किया गया है।
अधिकारियों का कहना था कि दक्षिण दिल्ली में सैद-उल-अजैब, हौज खास गांव और आसपास के इलाकों में कई रेस्तरां सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में हैं।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


