दिल्ली सरकार के विशेष वाहन गर्मी से राहत के लिए ओआरएस और गमछा बाटेंगे
दिल्ली सरकार के विशेष वाहन गर्मी से राहत के लिए ओआरएस और गमछा बाटेंगे
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सचिवालय से 13 विशेष वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वैन लोगों को गमछा, टोपी, ठंडा पानी और ओआरएस के पैकेट वितरित करेंगी।
गुप्ता ने ‘दिल्ली हीटवेव एक्शन प्लान 2026’ नामक पुस्तिका भी जारी की, जिसमें बढ़ते तापमान से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए उपायों का विवरण दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को लू लगने से बचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के 13 जिलों में प्रत्येक के लिए एक ‘मोबाइल हीट रिलीफ वैन’ मौजूदा लू और भीषण गर्मी की स्थिति के दौरान तत्काल सहायता प्रदान करेगी और लोग इस सेवा का लाभ उठाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 डायल कर सकते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि इन वैन में साफ, ठंडा पीने का पानी, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) के पाउच, प्राथमिक चिकित्सा सामग्री, गमछे, टोपी और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और ये लोगों को पूर्वाह्न 11 बजे से शाम छह बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
ये प्रयास पूरे शहर में श्रम चौक, बस स्टैंड, बाजारों, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले व गर्मी से अधिक प्रभावित क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।
बयान के अनुसार, अगले तीन महीनों तक इन इकाइयों के संचालन में सहयोग देने के लिए प्रत्येक जिले में दस नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।
बयान में कहा गया है कि प्रत्येक जिले से प्रतिदिन लगभग 1,000 ओआरएस पाउच, 300 सूती तौलिए और 200 टोपियां वितरित करने की अपेक्षा की जाती है। पर्यावरण संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पर्यावरण अनुकूल सिर्फ एकबार उपयोग किए जाने वाले गिलास के इस्तेमाल और उचित अपशिष्ट संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ अभियान दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गुप्ता ने कहा कि लू के बढ़ते खतरे से निपटने और समय पर राहत व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक, जन-केंद्रित उपाय किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष की ‘हीट एक्शन प्लान’ को समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारी और समन्वय के साथ लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों, निर्माण श्रमिकों, सड़क पर विक्रेताओं, बेघर लोगों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों जैसे ज्यादा प्रभावित होने वाले समूहों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक और निजी संस्थानों को दोपहर एक बजे से शाम चार बजे के बीच बाहरी श्रम गतिविधियों को रोकने और भीषण गर्मी के घंटों के दौरान पर्याप्त विश्राम देने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा, ‘श्रमिकों के स्वास्थ्य की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’
बयान के अनुसार, दोपहर के व्यस्त समय में होने वाली बाहरी गतिविधियां और स्कूल सभाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। पूरे शहर के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों ने लू लगने और निर्जलीकरण से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की है।
राजधानी के 339 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में अतिरिक्त ओआरएस पैकेट, बर्फ और आवश्यक दवाओं का भंडारण किया गया है, साथ ही विशेष ‘कूल रूम्स’ भी स्थापित किए गए हैं।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


