दिल्ली सरकार मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के लिए मास्टर प्लान तैयार करेगी
दिल्ली सरकार मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के लिए मास्टर प्लान तैयार करेगी
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) परिसर के पुनर्विकास के लिए एक व्यापक और समग्र अध्ययन को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 137 एकड़ में फैले मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर में लोक नायक अस्पताल, जीबी पंत अस्पताल, गुरु नानक नेत्र केंद्र और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान जैसे महत्वपूर्ण संस्थान शामिल हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा, “पूरा परिसर एक दूसरे से जुड़े स्वास्थ्य सेवा और शैक्षणिक पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में कार्य करता है, इसलिए इसके सुनियोजित, एकीकृत और दीर्घकालिक पुनर्विकास की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।”
पहले चरण में पूरे परिसर के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिसमें स्थानीय निकाय के नियमों, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के मानदंडों और सभी लागू वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह मास्टर प्लान अगले 30 वर्षों की दूरदर्शिता को ध्यान में रखते हुए, भविष्य की आवश्यकताओं और विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।”
योजना के अनुसार, दूसरे चरण में मौजूदा भवनों का संरचनात्मक लेखापरीक्षा और तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा।
नए बुनियादी ढांचे के लिए आधुनिक डिजाइन, लेआउट और पुनर्विकास प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
गुप्ता ने एक बयान में कहा, “तीसरे चरण में निविदा से संबंधित सभी दस्तावेज तैयार किए जाएंगे और प्रस्तावित कार्यों के समय पर व कुशल निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए निविदा प्रक्रिया के दौरान तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी।”
अधिकारियों के अनुसार, परिसर को पूरी तरह से आधुनिक, सुव्यवस्थित और कुशल इकाई में बदलने के लिए सभी सहायक बुनियादी ढांचे को भी एकीकृत किया जाएगा।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


