दिल्ली वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही: रेखा गुप्ता
दिल्ली वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही: रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी अब वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही है और मुंबई, पुणे एवं गोवा जैसे प्रमुख फिल्म केंद्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिल्ली के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जब राजधानी वैश्विक सिनेमा के मंच पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज करा रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सदियों से कला, संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र रही है और आईएफएफडी उसी विरासत का विस्तार है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाएगा और ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का नहीं, बल्कि सपनों, संवेदनाओं और कहानियों का उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि सिनेमा वह माध्यम है जो भाषाओं और सीमाओं से परे जाकर दिलों को जोड़ता है और समाज को एक नई दृष्टि देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली अब वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही है और मुंबई, पुणे एवं गोवा जैसे प्रमुख फिल्म केंद्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस महोत्सव को एक दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित कर रही है, जिससे फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं को अवसर प्राप्त होंगे तथा रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह महोत्सव दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली अब केवल प्रशासनिक ही नहीं, बल्कि कला, संस्कृति एवं पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी पूर्ण क्षमता के साथ आगे बढ़ रही है।
समारोह में अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत व हेमा मालिनी, अभिनेता विवेक ओबेरॉय, अभिनेता अर्जुन कपूर, अभिनेत्री निमरत कौर, अभिनेता विक्की कौशल, अरविंद स्वामी, फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन और मधुर भंडारकर समेत अन्य ने शिरकत की।
बयान के मुताबिक, यह समारोह 31 मार्च चलेगा जिस दौरान 125 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसमें कहा गया है कि महोत्सव में मनोज बाजपेयी, अनुपम खेर और पीयूष मिश्रा जैसी दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी।
उद्धाटन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
भाषा नोमान नोमान रमण
रमण

Facebook


