दिल्ली: कुकी-जो समुदाय के खिलाफ हिंसा की निंदा करते हुए जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन

दिल्ली: कुकी-जो समुदाय के खिलाफ हिंसा की निंदा करते हुए जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन

दिल्ली: कुकी-जो समुदाय के खिलाफ हिंसा की निंदा करते हुए जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन
Modified Date: May 16, 2026 / 09:25 pm IST
Published Date: May 16, 2026 9:25 pm IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (केएसओ) ने मणिपुर और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में कुकी-जो समुदाय के खिलाफ कथित हिंसा, अपहरण और हत्याओं के विरोध में शनिवार को यहां जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। एक बयान में यह जानकारी दी गई।

संगठन की दिल्ली-एनसीआर इकाई ने आरोप लगाया कि कुकी-जो समुदाय के सदस्य नगालैंड के नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड इसाक-मुइवाह (एनएससीएन-आईएम) और इसके “छद्म समूहों” के निशाने पर हैं।

संगठन ने बार-बार हिंसा के मामले सामने के बावजूद अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर चिंता व्यक्त की।

बयान के अनुसार, विरोध प्रदर्शन 13 मई को तीन कुकी-जो गिरजाघर पादरियों की हत्या, कई अन्य के घायल होने और 14 कुकी-जो पुरुषों के कथित अपहरण के बाद आयोजित किया गया।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने तख्तियां पकड़ रखी खीं, जिन पर लिखा था, “नागरिकों का अपहरण युद्ध अपराध है” और “जातीय हिंसा रोकें”।

छात्र संगठन ने कहा, “हाइजांग, गम्पाल, के सांगलुंग, लितान, मुल्लम और लांचाह गांवों में हालिया घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और निर्दोष कुकी-जो लोगों को निशाना बनाए जाने को दर्शाती हैं।”

संगठन ने दावा किया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उखरुल में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में लगभग 20 करोड़ रुपये की कथित लूट में एनएससीएन-आईएम के सदस्यों की भूमिका की पुष्टि की है।

संगठन ने एनएससीएन-आईएम के साथ संघर्ष विराम समझौते को समाप्त करने, अपहृत पुरुषों की सुरक्षित वापसी, पादरियों की हत्या से संबंधित मामले की एनआईए से जांच कराने और कुकी-जो लोगों के लिए अलग प्रशासन कायम करने की मांग की।

भाषा जोहेब माधव

माधव


लेखक के बारे में