दिल्ली: पीडब्ल्यूडी ने ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
दिल्ली: पीडब्ल्यूडी ने ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) दिल्ली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह पर अवैध मांगों को लेकर लगातार ‘‘हस्तक्षेप और अनुचित दबाव बनाने की गतिविधियों’’ में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इससे पहले दिन में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह को पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए देखा गया।
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक घमासान छिड़ गया।
‘आप’ ने आरोप लगाया कि उसकी सोशल मीडिया टीम के एक सदस्य को थप्पड़ मारा गया।
‘आप’ ने प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग की।
पीडब्ल्यूडी जनकपुरी डिवीजन के सहायक अभियंता ने तिलक नगर थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि 27 सितंबर को तिलक नगर में पीडब्ल्यूडी मंत्री के आधिकारिक निरीक्षण के दौरान ‘आप’ विधायक लगभग 50 लोगों के साथ वहां पहुंचे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सिंह के साथ आए लोगों ने उन्हें और अन्य अधिकारियों को ‘‘जान से मारने’’ सहित ‘‘गंभीर परिणाम भुगतने’’ की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि ‘आप’ विधायक के साथ आये लोगों ने मुझसे कहा, ‘‘तुम एक छोटे व्यक्ति हो और तुम्हें जरनैल सिंह से नहीं उलझना चाहिए।’’
पुलिस ने बताया, ‘‘इस संबंध में पीडब्ल्यूडी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है।’’
शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्थानीय विधायक और उनके साथ आए लोगों ने टूटी सड़क की सामग्री का इस्तेमाल ‘‘मंत्री पर हमला करने’’ के लिए किया और उनकी कार पर ‘‘मलबा फेंका’’।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि ‘‘24 सितंबर की रात ‘आप’ विधायक अपने साथियों के साथ पीडब्ल्यूडी के कार्यस्थल पर पहुंचे, जिनमें से कई लोग पूरी तरह नशे में थे।’’
शिकायत में आरोप लगाया गया, ‘‘वहां पहुंचने पर उन्होंने काम कर रहे कर्मचारियों को धमकाया और उनके साथ गाली-गलौज की।’’
तिलक नगर में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार ने दिल्ली पुलिस को दी एक अलग शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को ‘आप’ के एक विधायक कार्यस्थल पर पहुंचे थे और मामला ‘‘निपटाने’’ के लिए 50 लाख रुपये की मांग की।
भाषा देवेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


