दिल्ली: जहांगीरपुरी में खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगाने के आरोप में तीन लोग हिरासत में
दिल्ली: जहांगीरपुरी में खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगाने के आरोप में तीन लोग हिरासत में
नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में खड़े किये गए तीन दोपहिया वाहनों में आग लगाने के आरोप में एक नाबालिग सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना आठ जून की सुबह उस समय हुई, जब जहांगीरपुरी में एक मकान के बाहर खड़े तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गयी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “गाड़ियों के मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने एक मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।’’
पुलिस के अनुसार, घटना के सीसीटीवी फुटेज में चार नकाबपोश लोग गाड़ियों में आग लगाते हुए दिखे।
वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गयी।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सबसे पहले एक नाबालिग को पकड़ा गया और उससे पूछताछ के बाद उसके दो साथियों 22 वर्षीय रामलाल और 18 वर्षीय के मयंक पाल उर्फ मन्नू की पहचान हुई तथा शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने यह अपराध इस साल की शुरुआत में नाबालिग और शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्यों के बीच हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए किया था।
अधिकारी ने बताया, “नाबालिग ने पुलिस को बताया कि जनवरी में एक झगड़े के दौरान थप्पड़ मारे जाने के बाद से ही उसके मन में बदला लेने की बात चल रही थी और बाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गाड़ियों में आग लगाने की साजिश रची।”
पुलिस ने बताया कि चौथे आरोपी सोंटू को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं, जो अभी भी फरार है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित

Facebook


