दिल्ली ‘तिहरा हत्याकांड’: वारदात से सदमे में पड़ोसी, पीड़ितों को मिलनसार बताया

दिल्ली 'तिहरा हत्याकांड': वारदात से सदमे में पड़ोसी, पीड़ितों को मिलनसार बताया

दिल्ली ‘तिहरा हत्याकांड’: वारदात से सदमे में पड़ोसी, पीड़ितों को मिलनसार बताया
Modified Date: December 4, 2024 / 08:38 pm IST
Published Date: December 4, 2024 8:38 pm IST

नयी दिल्ली, चार दिसंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में बुधवार सुबह एक दंपति और उनकी बेटी की घर के अंदर कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। इस घटना से आस-पास के लोग सदमे में हैं तथा कई निवासियों ने राजधानी में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित सिंह ने बताया कि पीड़ितों की पहचान राजेश कुमार (51), उनकी पत्नी कोमल (46) और उनकी बेटी कविता (23) के रूप में हुई है। दंपति का बेटा अर्जुन जब सुबह सैर करके लौटा तो उसे तीनों का शव पड़ा मिला। कोमल के भाई सतीश कुमार ने बताया कि यह उनकी शादी की 27वीं सालगिरह थी।

कुमार ने कहा, ‘जब मैंने अपनी बहन, बहनोई और भतीजी को बेजान अवस्था में देखा तो मैं सदमे में आ गया। मुझे सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने भतीजे का फोन आया और उसने घटना के बारे में बताया। खबर सुनकर मैं स्तब्ध रह गया।’

उन्होंने आगे बताया कि परिवार में पहले से कोई विवाद या दुश्मन नहीं था जो उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहता हो।

मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला यह परिवार अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और करियर के अवसर प्रदान करने की उम्मीद में 15 साल पहले दिल्ली आया था। अर्जुन और कविता दोनों ही मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट विजेता थे और कविता एक समर्पित और प्रतिभाशाली छात्रा थी।

पड़ोस में रहने वाली हिमानी ने कहा, “यह एक भयावह घटना है। कल मैंने मां और बेटी को उनकी छत पर बात करते और हंसते हुए देखा। आज वे जीवित नहीं हैं। अपराध बहुत आम हो गए हैं, लेकिन इसे इतने करीब से खुद देखकर पर मैं पूरी तरह से हिल गई हूं।”

घर के अंदर का दृश्य देखने वाले एक अन्य पड़ोसी ने इसे बेहद परेशान करने वाला बताया। उसने कहा, “जब मैंने शवों को देखा तो मैं सिहर उठा। उनके गले पर बेरहमी से चाकू से वार किया गया था। यह भयावह है।”

कविता की दोस्त अंजलि ने परिवार को मिलनसार बताया।

उन्होंने कहा, “मां-बेटी कॉलोनी में काफी मिलनसार और सहृदय थीं। यह अकल्पनीय है कि उनके साथ इतनी दुखद घटना घट सकती है।”

उन्होंने कहा, “कविता और मैं अक्सर अपनी पढ़ाई के बारे में चर्चा करते थे। जब भी मुझे किसी चीज से परेशानी होती थी तो वह मेरी मदद करती थी। ऐसे अच्छे दोस्त को खोना एक ऐसा दर्द है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती।”

इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

परिवार के एक बुजुर्ग पड़ोसी नरेश सिंह ने कहा, “हम अब यहां सुरक्षित महसूस नहीं करते। हम कैसे सुरक्षित महसूस कर सकते हैं, जब ऐसी घटना सुबह-सुबह हुई और किसी को पता ही नहीं चला?”

डीसीपी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने इलाके से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर लिए हैं तथा परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में