देवेगौड़ा ने ईंधन और विदेशी मुद्रा की बचत के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान का स्वागत किया
देवेगौड़ा ने ईंधन और विदेशी मुद्रा की बचत के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान का स्वागत किया
बेंगलुरु, 11 मई (भाषा) जनता दल (एस) के वरिष्ठ नेता एच डी देवेगौड़ा ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण की अपील का स्वागत किया जाना चाहिए।
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक संकट के बीच उपभोग में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
गौड़ा ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कल तेलंगाना में कुछ सुझाव दिए। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच संघर्ष के प्रतिकूल प्रभाव के कारण ईंधन ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही बाधित हुई है। इस स्थिति को देखते हुए मोदी ने उपभोग में सावधानी बरतने की सलाह दी है।”
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील भारत के लगभग 150 करोड़ लोगों से की गयी है।
उन्होंने कहा, “यह अपील किसी और कारण से नहीं है। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष के प्रभाव के कारण है। हमें इसका स्वागत करना चाहिए।”
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा की बचत के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, घर से काम करने आदि का सुझाव दिया।
मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के कारण विदेशी मुद्रा बचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए एक वर्ष के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने का भी आह्वान किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील देश के हित में है और पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच विदेशी मुद्रा भंडार को संरक्षित करने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “पिछले दो वर्षों से प्रधानमंत्री खाद्य तेल की खपत कम करने की बात कर रहे हैं क्योंकि हम इस मामले में आत्मनिर्भर नहीं हैं। हम 70 प्रतिशत खाद्य तेल आयात करते हैं। खपत कम करने से हमें विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।”
उन्होंने कहा कि देश पेट्रोलियम उत्पादों और उर्वरकों में भी आत्मनिर्भर नहीं है और इनका विवेकपूर्ण उपयोग विदेशी मुद्रा भंडार की बचत करने में सहायक होगा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


