डीआईजी ने पुंछ में एलओसी से लगे क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
डीआईजी ने पुंछ में एलओसी से लगे क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
जम्मू, चार जून (भाषा) राजौरी-पुंछ रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) संदीप वजीर ने बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और अभियानगत तैयारियों का आकलन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीमावर्ती जिलों राजौरी और पुंछ के अभियानगत क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभालने वाले डीआईजी ने सवजियां और आंगनपथरी के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया।
अधिकारियों ने बताया कि दौरे के दौरान वजीर ने अग्रिम क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी उभरती स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीमावर्ती क्षेत्र के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कर्मियों को उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने, निगरानी उपायों को और मजबूत करने तथा क्षेत्र में कार्यरत सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) के सदस्यों और अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत की और क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने में उनके सहयोग की सराहना की।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


