गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें चार अगस्त से होंगी शुरू: हिमंत

गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें चार अगस्त से होंगी शुरू: हिमंत

गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें चार अगस्त से होंगी शुरू: हिमंत
Modified Date: June 22, 2026 / 04:48 pm IST
Published Date: June 22, 2026 4:48 pm IST

गुवाहाटी, 22 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को घोषणा की कि एअर इंडिया चार अगस्त से गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस घटनाक्रम की जानकारी साझा करते हुए शर्मा ने कहा कि इन नयी सेवाओं के शुरू होने से गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब चार देशों संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, सिंगापुर और भूटान से सीधे जुड़ जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘असम को वैश्विक समुदाय से जोड़ने के लिए नए रास्ते खुल रहे हैं। यूरोपीय संघ के सदस्य देशों द्वारा असम के लिए अपने यात्रा परामर्श हटाने के ठीक कुछ दिनों बाद, मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि चार अगस्त से एअर इंडिया गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘मेरा अगला लक्ष्य वियतनाम के लिए सीधी सेवाएं शुरू करना है, और मैं आपको उस बारे में भी जानकारी देता रहूंगा।’’

उन्होंने कहा कि ये नयी उड़ानें गुवाहाटी को दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक प्रमुख यात्रा और पारगमन केंद्र के रूप में स्थापित करने के राज्य के प्रयासों को बढ़ावा देंगी।

इससे पहले शनिवार को शर्मा ने एक ‘फेसबुक लाइव’ में बताया था कि ऑस्ट्रेलिया और जापान के बाद अब यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने भी अपने यात्रा परामर्श में संशोधन किया है और असम आने वाले अपने नागरिकों के लिए प्रतिबंध हटा दिया है।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में