नयी दिल्ली से विजयन की उड़ान छूटने के बाद प्रोटोकॉल अधिकारियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई

नयी दिल्ली से विजयन की उड़ान छूटने के बाद प्रोटोकॉल अधिकारियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई

नयी दिल्ली से विजयन की उड़ान छूटने के बाद प्रोटोकॉल अधिकारियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई
Modified Date: June 28, 2026 / 07:30 pm IST
Published Date: June 28, 2026 7:30 pm IST

नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 28 जून (भाषा) ‘केरल हाउस’ की अतिरिक्त स्थानिक आयुक्त अश्वथी श्रीनिवास ने रविवार को कहा कि प्रोटोकॉल में चूक के कारण राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन की नयी दिल्ली से केरल जाने वाली उड़ान छूट गई, जिसके बाद प्रोटोकॉल अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को विजयन करिपुर जाने वाली उड़ान नहीं पकड़ पाए, क्योंकि प्रोटोकॉल अधिकारियों ने कथित तौर पर एयरलाइन को उनके यात्रा कार्यक्रम के बारे में जानकारी नहीं दी थी; जबकि वे उड़ान भरने से कई घंटे पहले ही हवाईअड्डा पहुंच गए थे और वीआईपी लाउंज में इंतजार कर रहे थे।

करिपुर के लिए अपराह्न 2:50 बजे का विमान छूटने के बाद, विजयन ने रात की उड़ान से कन्नूर की यात्रा की।

इस घटना के बाद केरल सरकार ने जांच के आदेश दिए।

पत्रकारों से बात करते हुए श्रीनिवास ने कहा कि रविवार को एक बैठक हुई, जिसमें संबंधित सभी लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया।

उन्होंने कहा, “शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रोटोकॉल अधिकारियों की ओर से चूक हुई थी। तुरंत जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

श्रीनिवास के अनुसार, प्रोटोकॉल टीम ने एयरलाइन को विजयन की यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए एक ईमेल भेजा था, लेकिन वे यह सुनिश्चित नहीं कर पाए कि उन्हें इसकी पावती मिली है या नहीं।

उन्होंने कहा, “इस संचार पर आगे कार्रवाई की जानी चाहिए थी। यहीं पर चूक हुई।”

नयी दिल्ली में केरल हाउस की प्रोटोकॉल टीम, केरल के मंत्रियों और विपक्ष के नेता की राष्ट्रीय राजधानी की यात्राओं के दौरान उनके सफर और अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों का समन्वय करती है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में