केरल की नयी सरकार में मंत्री पदों को लेकर चर्चा संतोषजनक ढंग से जारी : सनी जोसेफ
केरल की नयी सरकार में मंत्री पदों को लेकर चर्चा संतोषजनक ढंग से जारी : सनी जोसेफ
तिरुवनंतपुरम, 16 मई (भाषा) कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने शनिवार को कहा कि नयी सरकार में मंत्री पदों को लेकर चर्चा संतोषजनक ढंग से जारी है।
वह यहां कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के आवास पर एक बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘सबकुछ ठीक है। कांग्रेस के भीतर और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सहयोगियों के साथ मंत्री पदों पर चर्चा अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।’’
मुख्यमंत्री पद न मिलने पर वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला की नाराजगी से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला सुलझ गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘सबकुछ हल हो गया है। चीजें सुचारू रूप से जारी हैं। हम पार्टी के भीतर और सहयोगियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। सही समय पर घोषणा की जाएगी। कांग्रेस पार्टी में सभी सहज महसूस करेंगे।’’
केरल की नयी सरकार के सोमवार को प्रस्तावित शपथग्रहण समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के शामिल होने के सवाल पर जोसेफ ने कहा कि यह अभी तय नहीं हुआ है।
बाद में, जोसेफ मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए वी.डी. सतीशन और यूडीएफ सहयोगियों से मिलने ‘कैंटोनमेंट हाउस’ रवाना हो गए।
इससे पहले सांसद एंटो एंटनी और कांग्रेस नेता जोसेफ वाझाक्कन ने भी वेणुगोपाल से मुलाकात की।
एंटनी ने वेणुगोपाल को केरल का सबसे लोकप्रिय कांग्रेस नेता बताया और यूडीएफ की जीत को ‘‘ऐतिहासिक’’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्टी ने कभी इतनी सीट पर जीत दर्ज नहीं की।
वेणुगोपाल के खिलाफ आलोचनाओं को उन्होंने ‘‘मीडिया की उपज’’ बताया।
वाझाक्कन ने कहा कि चेन्निथला एक वरिष्ठ नेता हैं और मंत्रिमंडल में शामिल होने सहित अपनी भूमिका का फैसला वे खुद करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्वाभाविक है कि उनकी शिकायतें हो सकती हैं, सिर्फ एक मुद्दे पर नहीं, बल्कि कई मुद्दों पर। यह केवल मुख्यमंत्री पद की बात नहीं भी हो सकती। वह वरिष्ठ और परिपक्व नेता हैं तथा ऐसे हालात में सही फैसला लेना उन्हें अच्छी तरह आता है।’’
वाझाक्कन ने कहा कि यह मामला जल्द सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझ जाएगा।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


