द्रमुक ने राहुल गांधी और स्टालिन के संयुक्त रूप से प्रचार करने से इनकार किया
द्रमुक ने राहुल गांधी और स्टालिन के संयुक्त रूप से प्रचार करने से इनकार किया
चेन्नई, 17 अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शुक्रवार को कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त रूप से प्रचार नहीं करेंगे, क्योंकि दोनों नेताओं के अलग-अलग कार्यक्रम हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को चुनाव प्रचार की शुरुआत करने चेन्नई आएंगे। द्रमुक नीत धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के तहत कांग्रस 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
द्रमुक के संगठन सचिव आर.एस. भारती ने कहा, ‘‘राहुल गांधी एक क्षेत्र में प्रचार करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री दूसरे क्षेत्र में प्रचार करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि न तो द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन और न ही राहुल गांधी के पास साथ में प्रचार करने का समय है, क्योंकि दोनों के पहले से तय यात्रा कार्यक्रम हैं।
भारती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के. अन्नामलाई के उस दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘राहुल गांधी चाहते हैं कि तमिलनाडु में द्रमुक नीत गठबंधन हार जाए इसलिए वह राज्य में प्रचार करने नहीं आएंगे।’’
द्रमुक नेता ने दावा किया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष हैं और द्रमुक गठबंधन के समर्थन में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग पूरे देश में भाजपा की “बी टीम” की तरह काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर 10,000 रुपये के ‘चेक का नमूना’ बांटने के बहाने मतदाता पहचान पत्र संख्या सहित निजी जानकारियां जुटाने के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है।
भारती ने आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक कार्यकर्ता भी पर्चे बांट रहे हैं, जो वाउचर जैसे दिखते हैं और चुनावी वादे के तहत 10,000 रुपये देने का आश्वासन दे रहे हैं।
भाषा गोला संतोष
संतोष

Facebook


