गुजरात के रास्ते देशभर में फैल रहा है नशे का कारोबार : केजरीवाल
गुजरात के रास्ते देशभर में फैल रहा है नशे का कारोबार : केजरीवाल
जालंधर, 13 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित होने के बावजूद गुजरात के रास्ते देश में नशे का कारोबार हो रहा है।
पंजाब राज्य व्यापारी आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ शामिल होने के बाद केजरीवाल ने कहा, ‘‘जब हमने सत्ता संभाली तो 70 फीसदी नशा पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए और 30 फीसदी गुजरात से आता था। अब 70 फीसदी नशा गुजरात से आता है। 70 फीसदी चिट्टा गुजरात से आता है।’’
केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन रोधी प्रणाली स्थापित कर पाकिस्तान से आने वाले नशे की खेप को सफलतापूर्वक कम किया है। उन्होंने कहा कि इस ड्रोन रोधी प्रणाली से ड्रोन को राज्य में दाखिल होने से पहले ही रोका और नष्ट किया जा सकता है।
गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर 2021 में 21,000 करोड़ रुपये मूल्य के करीब 3,000 किलोग्राम नशीले पदार्थ की बरामदगी का हवाला देते हुए आप प्रमुख ने दावा किया, ‘‘वह तो केवल उतनी मात्रा थी जो पकड़ी गई। रोज कितना बच निकलता है, कोई नहीं जानता।’’
केजरीवाल ने पिछले साल की कैग (भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में 2,200 किलोग्राम नशा कथित तौर पर चूहे निघल गए… उन मादक पदार्थ का असल में क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता।
उन्होंने कहा, ‘‘आज गुजरात के रास्ते से पूरे देश में नशे का कारोबार फैल रहा है और वह भी ‘ईडी पार्टी’ (भारतीय जनता पार्टी के सदंर्भ में) के राज में।’’
केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के लिए लगातार काम कर रही है और उन्हें भरोसा है कि पंजाब की जनता के समर्थन से आप अगले पांच साल भी यह प्रयास जारी रखेगी।
इस बीच, मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को यहां आयोजित परशुराम जयंती के राज्यस्तरीय समारोह में श्रद्धालुओं के साथ भाग लिया। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव और भगवान परशुराम को समर्पित भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


