‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान नीतीश ने बेगुसराय, शेखपुरा में 480 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरूआत की

'समृद्धि यात्रा' के दौरान नीतीश ने बेगुसराय, शेखपुरा में 480 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरूआत की

‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान नीतीश ने बेगुसराय, शेखपुरा में 480 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरूआत की
Modified Date: March 14, 2026 / 08:54 pm IST
Published Date: March 14, 2026 8:54 pm IST

बेगूसराय/शेखपुरा, 14 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान बेगुसराय और शेखपुरा जिलों में लगभग 480 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं और योजनाओं की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में जारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में 274 करोड़ रुपये की 400 से अधिक विकास परियोजनाओं/योजनाओं की शुरूआत की। इसमें 165 करोड़ रुपये की 211 परियोजनाओं/योजनाओं का उद्घाटन और 109 करोड़ रुपये की 189 परियोजनाओं/योजनाओं की आधारशिला रखी गई।’

मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह काम तय समय सीमा के भीतर पूरा हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल पूरा होने के बाद आसपास के लोगों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी।

नीतीश कुमार ने बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र में स्थित विभिन्न इकाइयों का भी दौरा किया।

उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री के बेगुसराय पहुंचने से पहले हेलीपैड पर एक आवारा सांड घुमता दिखा दिया। इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सुरक्षा के इंतजाम होने के बावजूद जानवर किसी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया, जिससे वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन सांड ने एक पुलिसकर्मी का पीछा करना शुरू कर दिया।

बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यह किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं है, जैसा कुछ खबरों में बताया जा रहा है। यह पूरी तरह से बेबुनियाद और भ्रामक है। जानवर उस क्षेत्र में आया जो हेलिपैड या कार्यक्रम स्थल के पास नहीं था। घटना सुबह 10 बजे हुई, जबकि मुख्यमंत्री 12 बजे आने वाले थे। घटनास्थल पर तैनात सुरक्षा और प्रशासनिक कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित कर, जानवर को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।’

इसके बाद मुख्यमंत्री ने शेखपुरा जिले में लगभग 206 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं/योजनाओं की शुरूआत की। इसमें 62 करोड़ रुपये की 196 योजनाओं का उद्घाटन और 144 करोड़ रुपये की 120 योजनाओं की आधारशिला रखी गई।

भाषा योगेश माधव

माधव


लेखक के बारे में