नीट की पुनर्परीक्षा के बारे में संसदीय समिति को जानकारी देंगे शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी
नीट की पुनर्परीक्षा के बारे में संसदीय समिति को जानकारी देंगे शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के शीर्ष अधिकारी मेडिकल प्रवेश से संबंधित ‘नीट-यूजी’ की पुनर्परीक्षा से मिले अनुभवों और एनटीए को मजबूत बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में संसद की एक समिति को जानकारी देंगे।
सूत्रों ने बताया कि के राधाकृषणन भी शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को सुदृढ़ बनाने के लिए किए गए सुधारों के बारे में अवगत कराएंगे।
राधाकृष्णन सरकार द्वारा गठित उस उच्च स्तरीय संचालन समिति के अध्यक्ष भी हैं, जिसे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) संबंधी सिफारिशों के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए बनाया गया है।
यह समिति एक जुलाई को होने वाली अपनी बैठक में ‘नीट-यूजी’ पुनर्परीक्षा प्रक्रिया से मिले अनुभवों की समीक्षा भी करेगी और एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह 21 जून को आयोजित पुनर्परीक्षा के परिणामों के बारे में समिति के सदस्यों को जानकारी देंगे।
बैठक के दौरान उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को भी संसदीय समिति के समक्ष उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है।
बीते तीन मई को आयोजित ‘नीट-यूजी’ परीक्षा को ‘पेपर लीक’ की खबरों के बाद सरकार ने रद्द कर दिया था और इसकी पुनर्परीक्षा 21 जून को कराई गई थी। ‘नीट’ परीक्षा में पेपर लीक के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।
शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक कर रहे हैं और उनके अध्यक्ष बनने के बाद यह समिति की पहली बैठक होगी।
इससे पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह समिति के अध्यक्ष थे, लेकिन 21 जून को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया।
भाषा हक माधव
माधव

Facebook


