मुर्शिदाबाद के डोमकल में मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने रिपोर्ट मांगी
मुर्शिदाबाद के डोमकल में मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने रिपोर्ट मांगी
कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान बृहस्पतिवार को मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल क्षेत्र में कई लोगों को मतदान से रोकने के आरोपों पर निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डोमकल के कई मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया गया और डराया गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि मतदान केंद्र जाने की कोशिश करने पर उनके साथ मारपीट की चेतावनी दी गई।
डोमकल विधानसभा क्षेत्र के रायपुर गांव में कई लोगों ने दावा किया कि सुबह से ही इलाके में हथियारबंद लोग मौजूद थे, जिससे भय का माहौल बना हुआ था।
ये आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर लगाए गए। हालांकि, पार्टी की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह के समय इलाके में न तो स्थानीय पुलिस और न ही केंद्रीय बल दिखाई दिए। हालांकि, बाद में बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बलों के पहुंचने के बाद स्थिति में सुधार हुआ।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग ने डोमकल में मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों पर रिपोर्ट तलब की है।’’
उन्होंने बताया कि बाद में मतदाताओं को सुरक्षा घेरे में मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया और मतदान व्यवस्थित ढंग से फिर शुरू हुआ।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


